प्रेस नोट
*राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगला में “सुरक्षित बचपन अभियान” के तहत जागरूकता शिविर आयोजित*
चम्बा, 28 अक्तूबर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), चम्बा द्वारा संचालित सप्ताह व्यापी “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगला में विद्यार्थियों के लिए विशेष विधिक एवं बाल-संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मेजबानी विद्यालय प्रशासन द्वारा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में माननीय सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा तथा अन्य स्त्रोत व्यक्तियों में ASI महिला थाना चंबा श्री निखिल कुमार व समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा कपिल शर्मा उपस्थित रहे!
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री एकांश कपिल द्वारा विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों और संविधान की की धाराओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया पर होने वाली ब्लैकमेलिंग से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया।
चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक श्री कपिल शर्मा ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मिशन वात्सल्य के तहत संचालित टोल-फ्री चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि अनाथ, दिव्यांग, स्कूल छोड़ चुके, बाल मजदूरी या बाल विवाह के जोखिम से जूझ रहे तथा किसी भी प्रकार के शारीरिक या मानसिक शोषण से प्रभावित बच्चों की सहायता के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सहायता मांगने वाले की पहचान को गोपनीय रखा जाता है। इसके अतिरिक्त साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र भारद्वाज ने अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से प्राप्त जानकारी को अपने व्यवहार में अपनाने और सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की ओर से ASI श्री निखिल कुमार ने भी विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध तथा व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक गण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Oct 28, 2026