समाहरणालय, मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 16 नवंबर 2026
*राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मधेपुरा में विचारोत्तेजक संगोष्ठी आयोजित*
*लोकलुभावन पत्रकारिता बनाम जिम्मेदार पत्रकारिता विषय पर हुआ सार्थक विमर्श; तथ्यपरकता, निष्पक्षता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को बताया पत्रकारिता की मूल पहचान।*
मधेपुरा, 16 नवंबर 2026। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज प्रेस क्लब, मधेपुरा के सभागार में जिला पदाधिकारी, मधेपुरा के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में विचारोत्तेजक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा द्वारा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार के निर्देश के आलोक में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वर्ष संगोष्ठी का केंद्रीय विषय 'लोकलुभावन पत्रकारिता बनाम जिम्मेदार पत्रकारिता' (Populist Journalism vs Responsible Journalism) रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता (राजस्व),श्री अरुण कुमार सिंह,जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अनंत कुमार तथा उपस्थित पत्रकार प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता महोदय को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अनंत कुमार ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य, इसकी शुरुआत, उद्देश्य तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की महत्ता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का दर्पण, प्रहरी और जनचेतना का सशक्त माध्यम है। मीडिया का दायित्व केवल समाचारों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि तथ्यों के माध्यम से जनहित के मुद्दों को सामने लाना, जनमत को जागरूक करना तथा शासन-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने में सकारात्मक भूमिका निभाना भी है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति के वर्तमान दौर में व्यूज, लाइक्स, टीआरपी और वायरल होने की प्रतिस्पर्धा के बीच समाचारों की सत्यता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। किसी घटना की अधूरी या अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने से सामाजिक भ्रम, तनाव एवं अविश्वास की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए खबर को सबसे पहले पहुंचाने की होड़ से अधिक महत्वपूर्ण है सही, प्रमाणिक एवं संतुलित खबर पहुंचाना।
उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल की अव्यवस्था अथवा सरकारी योजनाओं में अनियमितता को उजागर करना जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक संबंधित पक्ष का दृष्टिकोण, सुधारात्मक प्रयास तथा योजनाओं से लाभान्वित आम नागरिकों की सफलता की कहानियों को भी सामने लाना है। उन्होंने कहा कि लोकप्रियता क्षणिक हो सकती है, लेकिन विश्वसनीयता पत्रकारिता की स्थायी पूंजी है।
अध्यक्षीय संबोधन में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री अरुण कुमार सिंह ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने प्रशासन और मीडिया को जनहित के दो महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए कहा कि दोनों के बीच सकारात्मक संवाद, पारस्परिक विश्वास एवं बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं के समाधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलती है। पत्रकारिता में तथ्यों की प्रमाणिकता एवं संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
इसके उपरांत उपस्थित पत्रकार प्रतिनिधियों के साथ खुला संवाद आयोजित किया गया। इसमें पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों, डिजिटल मीडिया की भूमिका, समाचारों की विश्वसनीयता, सूचना की उपलब्धता तथा प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार एवं सुझाव साझा किए गए।
संगोष्ठी में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और उसकी जिम्मेदारी एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। व्यवस्था की कमियों को उजागर करना मीडिया का अधिकार एवं दायित्व है, वहीं प्रत्येक समाचार का तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जनहित आधारित होना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अनंत कुमार ने अपर समाहर्ता (राजस्व), प्रेस क्लब के पदाधिकारियों तथा जिले के सभी पत्रकार प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी का संदेश रहा कि पत्रकारिता की असली पहचान उसकी लोकप्रियता नहीं, बल्कि उसकी विश्वसनीयता है। सत्य के प्रति प्रतिबद्धता, जनहित के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व ही जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल आधार हैं।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar