उफान पर बीन नदी, जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे ग्रामीण!!
दशकों से पुल की मांग, चुनावी घोषणाओं से आगे नहीं बढ़ी कवायद, अब शुरू हुआ निर्माण तो कछुआ चाल बनी ग्रामीणों की चिंता,,
यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के डांडा मंडल क्षेत्र में भारी बारिश के चलते बीन नदी इन दिनों उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए शहरों की ओर आने-जाने वाले ग्रामीणों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का सहारा लेकर उफनती नदी पार करनी पड़ रही है। वहीं कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पैदल ही नदी पार करने को मजबूर हैं।
डांडा मंडल के ग्रामीणों के लिए बीन नदी लंबे समय से आवागमन में बड़ी बाधा बनी हुई है। बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। इसके बावजूद वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों के अनुसार बीन नदी पर पुल निर्माण की मांग कई दशकों से की जा रही है। हर चुनाव में यह मुद्दा प्रमुखता से उठता रहा है और राजनीतिक दलों के घोषणा पत्रों में भी पुल निर्माण का वादा शामिल होता रहा है, लेकिन धरातल पर यह मांग लंबे समय तक पूरी नहीं हो सकी।
हालांकि अब बीन नदी पर पुल निर्माण की कवायद शुरू हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जिस पुल का इंतजार ग्रामीण वर्षों से कर रहे हैं, उसके निर्माण की कछुआ चाल के कारण उन्हें अभी भी उफनती नदी के बीच से जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान बीन नदी का बहाव कभी भी खतरनाक रूप ले सकता है। ऐसे में पुल निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द इसे पूरा किया जाना जरूरी है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की इस गंभीर समस्या से स्थायी निजात मिल सके।