नंदाकिनी के उफनते वेग में फंसी बेजुबान जिंदगी, चमोली पुलिस ने जान जोखिम में डालकर किया सुरक्षित रेस्क्यू!!
चमोली जिले के नंदानगर के नीचे नंदाकिनी नदी के तेज और उफनते बहाव के बीच फंसी एक गाय को चमोली पुलिस ने साहस और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नदी का बहाव बेहद तेज होने के साथ ही मौके पर घना अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान चलाना अत्यंत जोखिमपूर्ण था। ऐसे में पुलिस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभियान को सुबह तक स्थगित किया, लेकिन रातभर टीम की नजर उस बेजुबान जिंदगी पर बनी रही।
गाय के नदी के तेज बहाव के बीच फंसे होने की सूचना मिलते ही थाना नंदानगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थिति का जायजा लेकर गाय को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे और उफनती नदी के कारण रेस्क्यू अभियान जानलेवा साबित हो सकता था। लिहाजा जवानों ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुबह होने का इंतजार किया।
सुबह होते ही थाना नंदानगर पुलिस, डीडीआरएफ और नगर पंचायत नंदानगर की संयुक्त टीम पूरी तैयारी के साथ दोबारा मौके पर पहुंची। नंदाकिनी नदी का वेग अब भी बेहद तेज था, लेकिन जवानों के हौसले बुलंद थे। रस्सियों और सुरक्षा उपकरणों की मदद से टीम ने सावधानीपूर्वक नदी के बीच पहुंचकर गाय को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
तेज बहाव और जोखिम के बावजूद रेस्क्यू टीम के जवान लगातार प्रयास करते रहे। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार गाय को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। इस साहसिक अभियान के जरिए चमोली पुलिस ने न केवल अपनी तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, बल्कि बेजुबान जीवों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी की भी मिसाल पेश की।