जालौन में पुलिस मुठभेड़ के बाद चार शातिर चोर गिरफ्तार: दो के पैर में लगी गोली, तमंचे, औजार और कार बरामद
जालौन में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसओजी/सर्विलांस टीम और कदौरा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर चार शातिर आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लग गई। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि 23 जुलाई की रात एसओजी/सर्विलांस टीम और कदौरा पुलिस अपराधियों की तलाश व संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदातों में शामिल कुछ बदमाश कदौरा-हमीरपुर मार्ग से खुठमिली संपर्क मार्ग की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को दबोच लिया।
घायल आरोपियों की पहचान रिंकू राजपूत उर्फ डूमर पुत्र सुभाष राजपूत तथा राघवेंद्र राजपूत उर्फ रग पुत्र लालदिवान, दोनों निवासी ग्राम महेरा, थाना बिवार, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। वहीं शैलेन्द्र यादव पुत्र रामसिंह यादव निवासी दामू पूरवा, थाना मुस्करा और अंकित राजपूत पुत्र हल्कू निवासी ग्राम महेरा, थाना बिवार, जनपद हमीरपुर को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, ताले तोड़ने के औजार, लोहे की रॉड, दो पेचकस, एक प्लास, पांच मोबाइल फोन, एक बैग तथा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई चार पहिया कार बरामद हुई है।
पुलिस ने घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। साथ ही चारों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने जालौन और आसपास के जिलों में चोरी की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 24, 2026