चंबा 16 अक्टूबर 2026,
जिला मुख्यालय चंबा में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम बारे समीक्षा बैठक आयोजित,
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की बैठक की अध्यक्षता,
सीएसआर के तहत 6.46 करोड़ की लागत से बने 34 स्कूल भवनों का विस अध्यक्ष ने किया डिजिटल उद्घाटन
जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के संबंध में जिला मुख्यालय चंबा में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं जिला योजना विकास तथा 20 सूत्री कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
बैठक में बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण लघु सिंचाई योजनाओं, स्वच्छता कार्यक्रम के तहत स्वच्छ भारत अभियान, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, मिड डे मील, एकीकृत बाल विकास परियोजना के तहत बच्चों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण व पौधारोपण, स्वच्छ पेयजल तथा खाद्य सुरक्षा इत्यादि सहित विकास के अन्य कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने सीएसआर के तहत 6.46 करोड़ की लागत से बने 34 स्कूल भवनों का डिजीटली लोकार्पण किया जिसमें 18 राजकीय प्राथमिक पाठशालाएं व 16 राजकीय उच्च पाठशालाएं शामिल हैं।
बैठक के अंत में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी बेहतरीन समन्वय के साथ कार्य करें ताकि न्यूनतम समय अवधि में विकास के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करते हुए आमजन को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी उन विकास कार्य व परियोजनाओं को पूरा करने के लिए विशेष प्रयास करें जिनका बहुत कम शेष कार्य बचा है। विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रस्तुत कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
बैठक मे जीत सिंह ठाकुर अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत करवाया कि पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत जिला चंबा में कुल 65 सडकें बनाई जा रही हैं जिनकी कुल लंबाई 327 किलोमीटर है इन सडकों पर 551.22 करोड़ रूपये खर्च किए जा रहे हैँ तथा इससे 76 गावों को सडक सुविधा मिलेगी। जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा ने बैठक में जानकारी दी कि जिला चंबा में जल शक्ति विभाग से संबंधित 490 करोड रुपए के विकास कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है जबकि 740 करोड रुपए के विकास कार्य प्रगति पर है इसके अलावा 1294 करोड रुपए की प्रस्तावित विकास परियोजनाएं विभिन्न स्तरों पर स्वीकृति प्रकिया के अधीन है। बैठक मे अधीक्षण अभियंता एचपीएसईबीएल ने जानकारी दी कि जिला मे कुल 148551 विभिन्न प्रकार के विधुत उपभोक्ता मीटर है जिनमे से 17434 उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं।
जिला विकास अधिकारी तविंदर सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत करवाया कि वित्त वर्ष 2025-26' के दौरान जिला के 1 लाख 41 हजार 491 मनरेगा जॉब कार्ड धारकों से 57 लाख 58 हजार कार्य दिवस कार्य करवाया गया जो कि निर्धारित लक्ष्य 44 लाख 60 हजार कार्य दिवसों की तुलना में 129 प्रतिशत है तथा इस पर 186 करोड़ 85 लाख 59 हजार खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वित वर्ष 2025-26 के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 1477 आवास आवास का निर्धारित लक्ष्य था जिसे शत प्रतिशत हासिल कर लिया गया है। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस कमल किशोर ने अवगत करवाया कि जिला में इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के अंतर्गत 371 लाभार्थी हैं तथा 30 जून 20206 तक इस योजना पर एक करोड़ 23 लाख 55 हजार 97 रुपए खर्च किए गए हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना के तहत जिला चंबा में 2371 लाभार्थी हैं तथा 30 जून 2026 तक इस योजना पर दौरान 58 लाख 7 हजार 99 रूपये खर्च किए गए हैं।
इससे पूर्व उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने विधानसभा अध्यक्ष का बैठक में पहुंचने पर विधिवत स्वागत किया तथा उन्हे सम्मानित किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि बैठक में उनके द्वारा दिए गए निर्देशों की शत-शत प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र चंबा के विधायक नीरज नैयर, मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष ललित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट, जिला परिषद के उपाध्यक्ष लियाक़त अली खान, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी , अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, एसडीएम चिराग शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोनिवि जीत सिंह ठाकुर, जल शक्ति विभाग राजेश मोंगरा, एचपीएसबीएल राजीव कुमार ठाकुर, वन अरनयपाल राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जालम सिंह भारद्वाज , जिला विकास अधिकारी तविंदर सिंह , जिला योजना अधिकारी डॉ देवेंद्र सिंह सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी तथा गैर सरकारी सदस्यगण उपस्थित थे।
Chamba, Chamba | Oct 16, 2026