मझगवां में प्रदूषण का कहर, अधूरे सड़क निर्माण और प्लांटों के काले धुएं से लोगों का सांस लेना हुआ दूभर
मझगवां क्षेत्र में धूल और प्रदूषण के कारण आम जनमानस की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है, सतना-चित्रकूट मार्ग पर मझगवां बायपास में एनएचएआई और कस्बे में कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा बनाई जा रही सड़क का अधूरा निर्माण कार्य जिम्मेदारों की अनदेखी का शिकार है, इसके चलते सड़कों पर भारी धूल उड़ रही है, जो लोगों की आंखों और फेफड़ों तक पहुंचकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर रही है, स्थिति यह है कि सड़कों पर उड़ने वाली धूल की वजह से दिन के समय में भी दृश्यता शून्य हो जाती है, एक तरफ जहां अधूरी सड़कों की धूल लोगों का जीना मुहाल किए हुए है, वहीं दूसरी ओर औद्योगिक प्लांटों से फैल रहा प्रदूषण हवा में जहर घोल रहा है।
चितहरा के समीप स्थित कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर का प्लांट लगातार काला धुआं आसमान में छोड़कर आबोहवा को प्रदूषित कर रहा है। इसके साथ ही, मझगवां के पटनी में स्थित इंडो न्यूक्लियर ग्रीन एनर्जी का प्लांट भी भारी मात्रा में प्रदूषण फैला रहा है। धरती पर उड़ती धूल और आसमान में प्लांटों के काले धुएं की दोहरी मार से मझगवां में लोगों का सांस लेना भी दूभर हो गया है, लेकिन प्रदूषण विभाग की चुप्पी स्थानीय लोगों की जान के लिए आफत बनी हुई है।
Manikpur, Chitrakoot | Oct 18, 2026