जिला जेल छतरपुर में श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
छतरपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जिला जेल छतरपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक जीवन जीने का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों द्वारा राधा-कृष्ण के मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने बंदियों और जेल स्टाफ का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, करुणा, धर्म, संयम और सदाचार का संदेश दिया गया।
ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म, धैर्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलते रहना ही श्रीकृष्ण के जीवन की सबसे बड़ी सीख है। बंदियों को आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव अपनाने के साथ नकारात्मक विचारों से दूर रहकर आध्यात्मिक एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, इस्कॉन छतरपुर द्वारा बंदियों को श्रीमद्भगवद्गीता का वितरण किया गया। इससे पहले सुबह भी इस्कॉन की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, योग और गीता के संदेश से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी जेल अधीक्षक योगेन्द्र पवार, सहायक जेल अधीक्षक मनीष त्यागी, जेल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और जिला जेल में निरुद्ध बंदी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा प्रेम, सद्भाव, संयम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम आध्यात्मिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
#ChhatarpurNews #KrishnaJanmashtami #Janmashtami #DistrictJail #Chhatarpur #ISKCON #BrahmaKumaris #NewsUpdate