शराब के नशे में कार ड्राइवर ने 2-युवकों को कुचला,मौत:7 दिन बाद थी बहन की शादी, एक 4 महीने पहले ही बना था पिता
#jaipurnews #RajasthanPolice
जयपुर के आमेर में हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें शोएब भी शामिल था, जो चार महीने पहले ही पिता बना था। वहीं, दूसरे युवक के घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि नशे में कार चला रहे लोगों की लापरवाही ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
दरअसल, बुधवार रात को आमेर महल से जलमहल की ओर जा रही एक बेकाबू कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद कार और बाइक सड़क किनारे स्थित खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।
हादसे के दौरान कार सवार ड्राइवर और अन्य साथी शराब के नशे में थे। गाड़ी में बीयर के केन भी मिले। लोगों ने और हादसे के बाद फरार हो रहे दोनों आरोपियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। हादसे के बाद आमेर एसीपी प्रतीक सिंह एसएमएस ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
हादसा आमेर थाना इलाके की आमेर घाटी में बुधवार देर रात 11 बजे हुआ। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, जहां पुलिस ने हादसे में बाइक सवार शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) और साहिल (25) के शव को एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जबकि, हादसे में घायल कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण को एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
साहिल (25) एक्टिवा पर सवार था। उसके साथ तरुण और सोनू था। यह लोग आमेर मावठे पर सेल्फी पॉइंट के पास स्कूटी से आमेर से जलमहल की ओर जा रहे थे। इस दौरान कार ने बाइक और स्कूटी को 50 मीटर की दूरी में टक्कर मारी है। कार ने सबसे पहले आमेर मावठे पर जो सेल्फी पॉइंट बना रखा है, वहां एक्टिवा सवार साहित को टक्कर मार दी और उसके बाद कार को भगाने के चक्कर में आमेर घाटी में मजार के सामने बाइक को भी टक्कर मार दी। जहां शोएबुद्दीन और उसके साथी को चपेट में ले लिया।
साहिल के भाई इरशाद ने बताया कि कार सवार दोनों युवक नशे में थे और कार में शराब बीयर के केन भी मिले हैं। दोनों आरोपी भागने की फिराक में थे, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि साहिल की बहन जेबा का 12 नवंबर को शादी है। घर में खुशियों का माहौल था जो अब मातम में बदल गया।
साहिल की आमेर में मेडिकल शॉप है और उसका परिवार बहन की शादी के बाद उसकी शादी करने की भी तैयारी में था। बहन की शादी के बाद परिवार वाले उसके लिए लड़की देखने जाने वाले थे।
बेटे का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था शोएब
बता दें कि साहिल ने हादसे के बाद आज गुरुवार को एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रोमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (25) की हादसे के दौरान मौके पर ही मौत हो गई थी। शोएब अपने दोस्त कलीम के साथ बाइक पर दावत से मछली मार्केट लोहारों का खुर्रा घाटगेट स्थित घर आ रहा था। शोएब के चार महीने पहले ही बेटा हुआ था। जिसका नाम मोहम्मद हुसैन रखा था। इसी महीने में शोएब को बेटे मो. हुसैन के जन्म का जश्न समारेह आयोजित करना था।
हादसे के बाद आमेर घाटी में लगा लंबा जाम
हादसे के बाद आमेर घाटी में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। देर रात तक वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए वाहनों को रामगढ़ मोड़ और दिल्ली बाईपास की ओर डायवर्ट किया। पुलिसकर्मी देर रात तक यातायात सुचारू करवाने में जुटे रहे। लोगों का आरोप है कि कार ड्राइवर नशे की हालत में बताया जा रहा था।
आमेर महल से जल महल की तरफ जा रहे थे कार सवार
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि हादसा रात करीब 11 बजे बाद हुआ। कार सवार आमेर महल की तरफ से जलमहल की ओर आ रहे थे, जबकि बाइक सवार आमेर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में शोएब और साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिल की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जिनकी पहचान अयान (25) ड्राइवर मूल रूप से भीलवाड़ा निवासी और वर्तमान में सांगानेर में रह रहा था। इसके साथ सागर सोलंकी (25) को भी हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।