गंभीर कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश, शराब व चोरी के खिलाफ चलेगा अभियान
जहानाबाद। पुलिस केंद्र में पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के नेतृत्व में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने गंभीर कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा लंबित वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने ‘रोको-टोको अभियान’ को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में सूखा नशा एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ‘ऑपरेशन चबूतरा’ को सक्रिय रूप से चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं, शराब माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया।
एसपी ने रात्रि गश्ती और सुपर पेट्रोलिंग को मजबूत करने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही, आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए कम्युनिटी पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।