उदेरास्थान बैराज में घटा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
जहानाबाद: उदेरास्थान बैराज पर जलस्तर में गिरावट की प्रवृत्ति बनी हुई है। इसके बावजूद जिला प्रशासन संभावित जल संकट और बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। जिले की नदियों, बैराज, पुल-पुलियों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
शुक्रवार, चार सितंबर को उदेरास्थान बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर 81.83 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित डेंजर लेवल 82.50 मीटर से 0.67 मीटर नीचे है। फिलहाल बैराज पर जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है।
प्रशासन की ओर से जाफरगंज, शकुराबाद एवं साईं मंदिर स्थित लो-लेवल पुल-पुलियों समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर जलस्तर और जलप्रवाह की स्थिति का लगातार आकलन करने का निर्देश दिया गया है। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, रात्रि प्रकाश व्यवस्था तथा पुलिस बल एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग एवं आपदा प्रबंधन शाखा के अधिकारियों को नदी तटों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। आम लोगों को माइकिंग, मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूक किया जा रहा है।
तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी एवं तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में स्नान करने, सेल्फी लेने या अनावश्यक रूप से जाने से बचें। बच्चों को नदी और जलप्रवाह वाले स्थानों से दूर रखें। जलमग्न या तेज बहाव वाले पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास नहीं करें तथा प्रशासन की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
किसी भी असामान्य स्थिति, जलजमाव अथवा जलस्तर में अचानक वृद्धि की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC), जहानाबाद को 9431805088, 06114-295071 एवं 06114-295072 पर देने की अपील की गई है।