शहीद लवकुश शर्मा की छठी शहादत दिवस पर एसपी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने सोमवार को शकुराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अईरा स्थित वीर शहीद लवकुश शर्मा के स्मृति स्थल पर पहुंचकर उनकी छठी शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के स्मृति स्थल पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद लवकुश शर्मा की शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
एसपी ने कहा कि पुलिस के जवान कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। शहीदों के त्याग और समर्पण से ही समाज में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण कायम होता है। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार के प्रति पुलिस विभाग सदैव सम्मान और संवेदना का भाव रखता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं शहीद के परिजनों से भी एसपी ने संवाद किया। ग्रामीणों ने शहीद लवकुश शर्मा की स्मृतियों को साझा करते हुए उनके त्याग को याद किया। मौके पर पुलिस पदाधिकारियों के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने शहीद की प्रतिमा एवं स्मृति स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
छठी शहादत दिवस के मौके पर पूरे गांव में भावुक माहौल रहा। परिजनों और ग्रामीणों ने कहा कि लवकुश शर्मा भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन राष्ट्र और समाज की सेवा में दिया गया उनका बलिदान हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।