धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई कलम के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन
नई गोदाम पहसी रोड में वर्ष 1901 से चली आ रही है पूजा की परंपरा, गुरुवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, ऊंट-घोड़े और बैंड-बाजे के साथ हजारों चित्रांश होंगे शामिल
गयाजी। शहर के नई गोदाम अंदर स्थित श्री चित्रगुप्त पूजा कार्यकारिणी समिति कला संगम के बैनर तले बुधवार को कलम के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ की गई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। भगवान चित्रगुप्त की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। पूजा में कायस्थ समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा के समक्ष अभाकाम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव सहित समाज के लोगों ने कलम-दवात की पूजा की। लोगों ने भगवान चित्रगुप्त से परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में खुशहाली और जीवन में उन्नति की कामना की। धार्मिक परंपरा के अनुसार कलम-दवात की पूजा कर ज्ञान, लेखन और कर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि नई गोदाम पहसी रोड में वर्ष 1901 से श्री चित्रगुप्त पूजा कार्यकारिणी समिति कला संगम के बैनर तले भगवान श्री चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जा रही है। यह आयोजन वर्षों से कायस्थ समाज की आस्था, एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना हुआ है। प्रत्येक वर्ष समाज के लोग एकत्रित होकर पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान चित्रगुप्त की पूजा करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त को कलम के आराध्य देव के रूप में पूजा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वे मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले देवता हैं। इसलिए इस दिन कलम-दवात की पूजा का विशेष महत्व है। इस वर्ष भी समिति की ओर से भव्य स्तर पर पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूजा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे आयोजन की रौनक और बढ़ गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने आपसी भाईचारे, एकता और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
गुरुवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, हजारों चित्रांश होंगे शामिल
मोहन श्रीवास्तव ने आगे बताया कि गुरुवार को भगवान श्री चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा एवं सामूहिक प्रतिमा विसर्जन का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा नई गोदाम से निकाली जाएगी, जिसमें ऊंट, घोड़े और आकर्षक बैंड-बाजे मुख्य आकर्षण होंगे। इस भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में चित्रांश समाज के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रुक्मिणी तालाब पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ भगवान श्री चित्रगुप्त की प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों में काफी उत्साह है। शोभायात्रा को भव्य और यादगार बनाने के लिए समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समिति के सदस्यों ने पूजा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आने वाले वर्षों में भी इस परंपरा को इसी उत्साह एवं भव्यता के साथ जारी रखने का संकल्प लिया गया।
मौके पर समिति के राजू सिन्हा, सुशील सिन्हा, संजय कुमार अम्बष्ट उर्फ गोल्डी, उमाशंकर कुमार सिन्हा, मनोज कुमार सिन्हा, अनिकेत सिन्हा, रूपेश सिन्हा, सानू श्रीवास्तव, विशाल कुमार, अरुण सिन्हा, सुनीत शंकर, सुमन सिन्हा, नीरज सिन्हा सहित कायस्थ समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
#gayadastak #गयापुलिस #गयाजी #sinhasamaj #lalasamaj #srivastav #chitguptpuja