हरिद्वार कुंभ 2027 पहली बार अखाड़ों की तर्ज पर 15 मार्च को देव डोलियों का अमृत स्नान, 17 दिसंबर को देहरादून में जुटेंगे हजारों गौ भक्त।
आगामी हरिद्वार कुंभ 2027 में इस बार देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और आस्था का ऐतिहासिक संगम देखने को मिलेगा। श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति (ऋषिकेश) और गौ सम्मान आह्वान अभियान (देहरादून) की संयुक्त प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी गई।
माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर, टपकेश्वर महादेव के संस्थापक योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विशेष पहल पर पहली बार कुंभ में देव डोलियों और देव स्वरूपों के लिए अलग से अमृत स्नान की तिथि तय की गई है। आगामी सोमवार 15 मार्च 2027 को गढ़वाल और कुमाऊँ की सैकड़ों देव डोलियां पारंपरिक ढोल-दमाऊ और रणसिंघे की मंगल ध्वनि के साथ भव्य शोभायात्रा निकालते हुए हर की पैड़ी पर दिव्य गंगा स्नान करेंगी। यह ऐतिहासिक परंपरा भविष्य के सभी कुंभ और अर्ध कुंभ मेलों में भी जारी रहेगी।
धार्मिक अनुष्ठानों की रूपरेखा:-
आयोजन की तैयारी के तहत 9 मार्च को कुंभ क्षेत्र में धर्मध्वजा स्थापना के साथ अनुष्ठानों का श्रीगणेश होगा। 14 मार्च को गढ़वाल मंडल की देव डोलियां ऋषिकेश में एकत्रित होंगी, जबकि कुमाऊँ मंडल के देव स्वरूप सीधे कुंभ शिविर में पहुंचेंगे। कुमाऊँ के देव स्वरूपों और संतों को आमंत्रित करने के लिए योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक कुमाऊँ मंडल के प्रवास पर रहेंगे।
17 दिसंबर को देहरादून में भव्य 'गौ सम्मान दिवस'
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि गौ माता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ संतों के नेतृत्व में देशभर में 31 करोड़ हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड से भी लाखों हस्ताक्षर भेजे जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार 17 दिसंबर को देहरादून के रेसकोर्स स्थित गुरु नानक स्कूल मैदान में 'गौ सम्मान दिवस' का भव्य आयोजन होगा। इसमें हजारों गौ भक्तों के साथ संतों का सान्निध्य और श्रीधाम वृंदावन की प्रख्यात कथावाचक साध्वी पूर्णिमा दीदी के भजन-कीर्तन का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर और यात्रा के कुमाऊँ मंडल प्रभारी श्याम सिंह नेगी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।