ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के नाम पर करोड़ों की ठगी, तिलैया पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा
झुमरी तिलैया। तिलैया थाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट मैच एवं अन्य गेम में सट्टेबाजी के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर मोबाइल व कंप्यूटर के जरिए सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करता था और धोखाधड़ी कर बड़ी रकम की ठगी करता था।
मामले में तिलैया थाना कांड संख्या 245/26 के तहत शंभु कुमार (30), पिता सुधीर लाल, निवासी ताराटांड़, वार्ड नंबर-14, तिलैया को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से POCO कंपनी का एक मोबाइल और Redmi कंपनी का एक मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले में बीएनएस सहित लॉटरी रेगुलेशन एक्ट, पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अधिकारी महादेव पांडेय तथा थाना के पुलिसकर्मी व सशस्त्र बल शामिल थे।
Koderma, Kodarma | Aug 23, 2026