अवैध हथियार सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, कब्जा से 5 पिस्टल, 11 मैगजीन व 1 कार बरामद।
गिरफ्तार अंतरराज्यीय आरोपी दीपक पर जिला गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी व दिल्ली में जघन्य अपराधों के 8 अभियोग है अंकित।
आरोपी दीपक 6 साल बाद दिसंबर 2025 में आया था जमानत पर जेल से बाहर
गुरुग्राम, गौरव गर्ग,30 अक्टूबर । 29 अक्टूबर को उप-निरीक्षक ललित कुमार, इंचार्ज अपराध शाखा सैक्टर-40, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने अपने विश्वसनीय सूत्रों के माध्यम से प्राप्त सूचना पर त्वरित व प्रभावी कार्यवाही करते हुए सैक्टर-112 बजघेड़ा, गुरुग्राम से 2 व्यक्तियों को कार व उसमें रखे अवैध हथियारों सहित काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान दीपक (उम्र-27 वर्ष) निवासी जाटी कलां जिला सोनीपत व राहुल (उम्र-28 वर्ष) निवासी नांगल कलां जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से 5 पिस्टल, 11 मैगजीन व 1 कार बरामद करने पर उनके विरुद्ध थाना बजघेड़ा, गुरुग्राम में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया तथा आरोपियों को अभियोग में नियमानुसार गिफ्तार किया गया।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी दीपक वर्ष-2019 से 2025 तक हत्या तथा अन्य आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। दिसंबर-2025 में दीपक हाई कोर्ट से जमानत पर बाहर आया था जेल से बाहर आने के बाद इसने अपना खुद का गिरोह बनाने की योजना बनाई तथा इसके गांव के पास के ही उपरोक्त आरोपी राहुल सहित अपने कुछ साथियों को अपने गिरोह में शामिल किया। दीपक ने कुछ लोगों को रुपए दिए हुए थे जो रुपए वापस नहीं मिलने पर उन लोगों के साथ इसका विवाद था तथा उन लोगों पर हमला करने के लिए व वर्ष-2015 में आरोपी दीपक के भुआ के लड़के की सोनीपत में हुई हत्या का बदला लेने के लिए दीपक ने उपरोक्त हथियार मध्य-प्रदेश के जिला खरगांव से 3 लाख रुपयों में खरीदे थे। इसके अतिरिक्त वर्ष-2018 में आरोपी दीपक ने आपसी झगड़े में अपने ही गांव के सतबीर नामक व्यक्ति की हत्या की थी, सतबीर की हत्या के बाद सतबीर के लड़को से इसकी दुश्मनी थी। सतबीर की हत्या का बदला लिए जाने का अंदेशा होने के कारण भी आरोपी दीपक को हथियारों की जरूरत थी।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी दीपक ने द्वारका (दिल्ली) में हुई छीना झपटी/लूट की एक वारदात के मुख्य आरोपी को हथियार भी उपलब्ध कराए गए थे।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी दीपक पर हत्या करने, हत्या का प्रयास करने, लूट करने, डकैती करने, चोरी करने, फिरौती के लिए अपहरण करने, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 8 अभियोग गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी व दिल्ली में अंकित है।
पुलिस टीम द्वारा अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
Jhajjar, Jhajjar | Oct 31, 2026