आरसीएफसी बचाओ संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन तीसरे दिन में
हरियाणा के पांच किसानों ने दिया आंदोलन को समर्थन, बोले- आरसीएफसी से जुड़कर जड़ी-बूटी खेती से कमा रहे 30 लाख रुपये सालाना
जोगिंदर नगर/शिव कुमार।
हर्बल गार्डन स्थित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र एवं अनुसंधान केंद्र (आरसीएफसी) को जोगिंदर नगर से सोलन स्थानांतरित करने की अधिसूचना रद्द करने की मांग को लेकर क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा क्रमिक अनशन शनिवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गया। समिति अध्यक्ष गुरु शरण परमार ने कहा कि आरसीएफसी को जोगिंदर नगर से स्थानांतरित करने का फैसला क्षेत्र के साथ-साथ देशभर के जड़ी-बूटी उत्पादकों के हितों को प्रभावित करेगा।
आंदोलन के तीसरे दिन हरियाणा के पलवल से पांच किसान दीपेश चौहान, राकेश चौहान, बुद्ध राम डागर, रविंद्र कुमार और वेदपाल तेवतिया जोगिंदर नगर पहुंचे और अनशन को अपना समर्थन दिया। किसानों ने बताया कि वे पिछले करीब पांच वर्षों से आरसीएफसी के साथ जुड़े हुए हैं। पारंपरिक खेती छोड़कर जड़ी-बूटी की खेती शुरू करने के बाद आज वे करीब 30 लाख रुपये सालाना की आय अर्जित कर रहे हैं।
किसान दीपेश चौहान ने बताया कि आरसीएफसी की ओर से उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले प्रयोगशाला परीक्षण से प्रमाणित बीज और नर्सरी उपलब्ध करवाई जाती है। संस्थान के कर्मचारी हरियाणा में किसानों के बीच जागरूकता शिविर भी लगाते हैं। इसके अलावा किसानों को कुछ आधुनिक मशीनें भी उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे खेती का काम आसान हुआ, समय की बचत हुई और उत्पादन एवं आमदनी में बढ़ोतरी हुई।
उन्होंने बताया कि आरसीएफसी की गतिविधियों को देखकर आसपास के किसानों का रुझान भी जड़ी-बूटी की खेती की ओर बढ़ा है। वर्तमान में करीब 20 किसान इस प्रकार की खेती से जुड़े हुए हैं, जबकि लगभग 200 अन्य किसानों ने भी जड़ी-बूटी की खेती से जुड़ने में रुचि दिखाई है। हालांकि, बीज, नर्सरी और अन्य तकनीकी सहयोग उपलब्ध नहीं होने के कारण इन किसानों को अभी खेती शुरू करने में दिक्कत आ रही है।
दीपेश चौहान ने कहा कि जब उन्होंने इस संबंध में जोगिंदर नगर स्थित आरसीएफसी से जानकारी ली तो उन्हें पता चला कि संस्थान को यहां से स्थानांतरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी पांच किसान इस फैसले के विरोध में जोगिंदर नगर पहुंचे हैं, लेकिन 25 अगस्त को प्रस्तावित बड़ी रोष रैली में हरियाणा से और अधिक किसान पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देंगे।
नए अनशनकारियों का किया स्वागत
क्रमिक अनशन के तीसरे दिन पिछले दिन भूख हड़ताल पर बैठे इंजीनियर कृपाल ठाकुर (पूर्व एक्सईएन), इंजीनियर बृज अवस्थी (पूर्व एसडीओ), नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष प्यार चंद ठाकुर और युवा व्यवसायी दमनदीप सिंह ने नए अनशनकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
शनिवार को भूख हड़ताल पर स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता, महासचिव सतवीर शर्मा, उपाध्यक्ष विशाल शर्मा तथा संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार बैठे।
इस अवसर पर रोटेरियन अजय ठाकुर, इंजीनियर कांशी राम वर्मा, रीता ठाकुर, तारा चंद ठाकुर, कैप्टन लाभ सिंह ठाकुर, रोशन लाल ठाकुर, शशि ठाकुर, रुपेश सेन, रमन बहाल, करुण शर्मा, दीपक चौहान, राजेश शर्मा, राजेंद्र ठाकुर, साहिल ठाकुर और नितेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
संघर्ष समिति ने दोहराया कि जब तक जोगिंदर नगर स्थित आरसीएफसी को सोलन स्थानांतरित करने की अधिसूचना रद्द नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति ने 25 अगस्त को जोगिंदर नगर में बड़ी रोष रैली निकालने का भी ऐलान किया है।