देर रात देवास पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 616 वाहन जांचे
5 संदिग्ध दोपहिया वाहन दस्तावेज सत्यापन के लिए थानों में खड़े कराए, 19 गुण्डे और 2 हिस्ट्रीशीटर भी चेक
देवास। अपराधों की रोकथाम और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देवास पुलिस ने 14-15 सितंबर की मध्यरात्रि जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, प्रवेश-निकास मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी करते हुए कुल 616 वाहनों की जांच की।
इनमें शहरी क्षेत्र के 459 और ग्रामीण क्षेत्र के 157 वाहन शामिल रहे। चेकिंग के दौरान दस्तावेजों को लेकर संदिग्ध पाए गए 5 दोपहिया वाहनों को सत्यापन के लिए संबंधित थाना और चौकी पर खड़ा कराया गया।
मक्सी बायपास से लेकर सोनकच्छ तक कार्रवाई
बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने मक्सी बायपास पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। दस्तावेजों के सत्यापन के लिए वाहन को थाने में खड़ा कराया गया है।
वहीं सोनकच्छ पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान 3 संदिग्ध दोपहिया वाहन पकड़े और दस्तावेज सत्यापन के लिए थाने पर खड़े कराए। डबलचौकी पुलिस ने भी एक संदिग्ध दोपहिया वाहन को दस्तावेज जांच के लिए चौकी पर खड़ा कराया।
21 निगरानीशुदा बदमाश भी चेक
वाहन चेकिंग के साथ पुलिस ने निगरानीशुदा बदमाशों की गतिविधियों पर भी नजर रखी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 19 गुण्डों और 2 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग कर उनकी मौजूदगी और गतिविधियों का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर यह अभियान अपराध नियंत्रण और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से चलाया गया। पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त, नाकाबंदी, वाहन चेकिंग और निगरानीशुदा बदमाशों की जांच आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रात में वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर दें।