माय भारत केंद्र डिंडोरी द्वारा दो स्थानों पर नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान आयोजित
डिण्डौरी सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मार्गदर्शन में दिव्य ज्योति सोशल डेवलपमेंट सेंटर द्वारा संचालित शिवनिल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के तत्वावधान में **"विकसित भारत की पहचान–नशामुक्त भारत"** थीम पर नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत माय भारत केंद्र, डिण्डौरी द्वारा दो स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के प्रथम चरण में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से ग्राम धौरई रैयत में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को शराब, तंबाकू, गुटखा, अन्य नशीले पदार्थों के साथ-साथ मोबाइल एवं सोशल मीडिया जैसी व्यवहारगत लतों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक कमला मरावी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
द्वितीय चरण में चंद्र विजय महाविद्यालय, डिण्डौरी में छात्र-छात्राओं के लिए नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आजाक थाना के एएसआई प्रवीण सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.एस. उड्डे, डॉ. पी.सी. उइके एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ईश्वर चंद्र प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अभियान के अंतर्गत बस स्टैंड से महाविद्यालय परिसर तक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। "रोको-टोको अभियान" के माध्यम से वाहन चालकों को नशा मुक्ति संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए तथा वाहनों पर जनजागरूकता स्टीकर लगाए गए। उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में शिवनिल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, माय भारत केंद्र, यातायात पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP
Dindori, Madhya Pradesh | Jun 27, 2026