अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर आंगनबाड़ी केंद्र में चला जनजागरूकता अभियान, दिलाई नशामुक्ति की शपथ
डिण्डौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री माधुरी रजक के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र वार्ड क्रमांक-02, भवानी चौक, डिण्डौरी में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, महिलाओं एवं बालिकाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर, शिवनिल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं की सहभागिता से हस्ताक्षर अभियान एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए स्वयं नशे से दूर रहने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों को सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP
4 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 27, 2026