ग्रामीण क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान आयोजित
डिण्डोरी अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत जनजागरूकता रैलियां, नशा मुक्ति शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, किशोरी बालिकाओं, महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जागरूकता रैलियों के माध्यम से गांव-गांव में नशा छोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। साथ ही हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर नशा मुक्ति अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिलेवासियों से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने परिवार, समाज एवं आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य के निर्माण में सहयोग करें। विभाग ने बताया कि नशामुक्त समाज के लक्ष्य को साकार करने के लिए इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP
59 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 26, 2026