संभागायुक्त ने की सेवा संकल्प एवं स्वामित्व अधिकार अभिलेख अभियान की तैयारियों की वर्चुअली समीक्षा
17 सितम्बर को खजुराहो में जलेंगे एक लाख दीये, जिले में तीन लाख दीपों से होगा सेवा संकल्प का शुभारंभ
स्वामित्व योजना के भू-स्वामियों की ई-केवायसी प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश
स्वामित्व अधिकार अभिलेख अभियान में भू-स्वामियों को मिलेगी निःशुल्क रजिस्ट्री
जिलों में आबकारी टीम द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाएं विशेष अभियान : संभागायुक्त श्री कुमार
सागर संभाग आयुक्त श्री दिलीप कुमार ने 17 सितम्बर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान एवं स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान की तैयारियों की वर्चुअली समीक्षा की। इस दौरान छतरपुर जिले से कलेक्टर श्री मृणाल मीना, जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम श्री विनय द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एनआईसी कक्ष से जुड़े।
संभागायुक्त श्री कुमार ने कहा कि दोनों अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, एनजीओ एवं स्कूल प्राचार्यों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करें। उन्होंने जिला अधिकारियों के साथ दिनवार गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार कर अभियान का कैलेंडर प्रकाशित करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री मीना ने बताया कि खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में एक लाख दीये जलाए जाएंगे। जिले के सभी ब्लॉकों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कुल तीन लाख दीये जलाने की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के डैम एवं नहर निर्माण स्थलों पर बड़ी संख्या में दीये जलाकर ‘सेवा का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। परियोजना से प्रभावित ग्रामों में कलश यात्राएं निकालकर ग्रामीणों को केन-बेतवा लिंक परियोजना से मिलने वाले सिंचाई, बिजली सहित अन्य लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बड़नगर से वाराणसी यात्रा की आवश्यक तैयारियां भी की जा रही हैं।
‘सेवा मेरा योगदान’ में होंगी 25 गतिविधियां
संभागायुक्त ने ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न ब्लॉकों में 25 गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा शिविरों में हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने के साथ ही योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने देशव्यापी रंगोली निर्माण कार्यक्रम को ‘विकसित भारत’ की थीम के साथ स्थानीय परिस्थितियों एवं जिले की विशेषताओं के अनुरूप आयोजित करने तथा ब्लॉक स्तर पर सेवा शिविरों में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना में लंबित ई-केवायसी प्राथमिकता से कराएं
संभागायुक्त दिलीप कुमार ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर मृणाल मीना ने बताया कि जिले में अभियान से संबंधित प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। रजिस्ट्री कार्य के लिए अतिरिक्त उप पंजीयक की आवश्यकता को देखते हुए प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने डीएससी इश्यू सहित ई-केवायसी से संबंधित प्रगति की जानकारी भी दी।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के सभी पात्र भू-स्वामियों की ई-केवायसी प्राथमिकता से पूर्ण कराई जाए, ताकि अभियान के दौरान रजिस्ट्री का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आबादी भूमि के पट्टाधारकों की ही रजिस्ट्री की जानी है, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जानकारी दी जाए।
अभिलेखों में सुधार के बाद ई-केवायसी पश्चात कराई जाएं रजिस्ट्री
उन्होंने निर्देशित किया कि जिन अभिलेखों में भूमि स्वामी के नाम के साथ ‘शासकीय’ शब्द अंकित है, उसमें आवश्यक सुधार कराकर तथा शासकीय शब्द विलोपित कराने के बाद ही ई-केवायसी की कार्यवाही की जाए। साथ ही सभी पटवारियों को प्रथम चरण में ग्राम पंचायतें अलॉट करने तथा अभियान का कैलेंडर प्रकाशित कराने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने अभियान में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही सभी जिलों में आबकारी विभाग की टीम को अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh Department Of Revenue, Madhya Pradesh Sagar Commissioner Collector Office Chattarpur
#chhatarpur