नेशनल लोक अदालत में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
31 खण्डपीठों में 2,901 प्रकरणों का निराकरण,
12.38 करोड़ रुपये से अधिक की समझौता राशि
जिला न्यायालय मुरैना सहित तहसील न्यायालय अम्बाह, जौरा, सबलगढ़ एवं पोरसा में नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना श्रीमती संगीता मदान ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
नेशनल लोक अदालत के लिए जिला मुख्यालय मुरैना में 12 तथा अम्बाह में 5, जौरा में 7, सबलगढ़ में 6 एवं पोरसा में 1, कुल 31 खण्डपीठों का गठन किया गया। लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित 1,224 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 10,10,34,724 रुपये की समझौता राशि प्राप्त हुई। वहीं प्रीलिटिगेशन के 1,677 प्रकरणों का निराकरण कर 2,28,35,473 रुपये की समझौता राशि प्राप्त हुई। इस प्रकार कुल 2,901 प्रकरणों का निराकरण एवं 12,38,70,197 रुपये की समझौता राशि प्राप्त हुई।
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती संगीता मदान ने बैंक, विद्युत, नगर निगम एवं बीमा कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।
लोक अदालत में कुटुम्ब न्यायालय मुरैना के प्रधान न्यायाधीश श्री हितेंद्र द्विवेदी के प्रयास से पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद का भी आपसी समझौते से निराकरण हुआ। दोनों पक्षों को आपसी मतभेद दूर कर सुखमय जीवन जीने की समझाइश दी गई। समझौते के बाद दोनों साथ घर गए तथा उन्हें आपसी प्रेम और सद्भाव के प्रतीक के रूप में पौधा भेंट किया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती संगीता मदान के कुशल मार्गदर्शन में इस वर्ष की नेशनल लोक अदालत में जिले का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh