नोखा के कस्तूरबा विद्यालय में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, छात्राओं की सुविधाओं पर कड़ी नजर
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने 18 अगस्त को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नोखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं की पढ़ाई, आवासीय व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालय के किचन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव तथा छात्राओं को दिए जाने वाले पौष्टिक भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
अधिकारियों ने छात्राओं की व्यक्तिगत स्वच्छता और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की भी जानकारी ली। डीएम ने संबंधित कर्मियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और छात्राओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इस दौरान डीएम और एसपी ने सर्वोदय मध्य विद्यालय, नोखा का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।