मुरैना नाले-नालियों की सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तीन दिवस में सफाई कार्य पूर्ण कराएं - कलेक्टर*
*100 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का एक सप्ताह में करें निराकरण*
*बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर अंबाह सीएमओ को कारण बताओ नोटिस*
*खरीफ तैयारियों, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वामित्व योजना, अवैध खनन एवं जनहितकारी योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा*
मुरैना, 23 जून कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करें तथा लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि 100 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर 100 दिवस से अधिक लंबित सभी शिकायतों का प्रभावी निराकरण कर संख्या शून्य की जाए। कलेक्टर ने इस माह की सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रगति वाले एल-1 अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
खरीफ फसल की तैयारियों, उत्पादकता, उर्वरक उपलब्धता, उपार्जन केंद्रों, गेहूं सत्यापन, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्राकृतिक खेती मिशन एवं कृषि विभाग की अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने गेहूं सत्यापन कार्य में लापरवाही बरतने वाले तहसीलदारों एवं पटवारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित प्रकरणों में आवश्यक अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए।
डबल लॉक केंद्रों के आधुनिकीकरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जहां किसानों की कतारें लगती हैं वहां आवश्यक शेड एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्धारित मात्रा से अधिक उर्वरक क्रय करने वाले कृषकों के सत्यापन की कार्रवाई भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा एंटीनेटल केयर की प्रगति की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जिले का प्रदर्शन राज्य औसत से बेहतर होना चाहिए तथा सभी विभाग राज्य स्तर के मानकों को लक्ष्य बनाकर कार्य करें।
बैठक में स्वामित्व योजना, सीमांकन प्रकरणों, निर्माण श्रमिक पंजीयन, संबल योजना, पंजीकृत निर्माण स्थलों की स्थिति तथा विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों का अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण अभियान के अंतर्गत ज्ञान भारतम् ऐप की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में अंबाह नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा की एवं कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों में पीएनजी कनेक्शन को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए। बनखंडी, नैनागढ़ एवं मुड़ियाखेड़ा क्षेत्र में नालियों की सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि तीन दिवस के भीतर आवश्यक साफ-सफाई कार्य पूर्ण कराया जाए।
बैठक में चंबल संभाग में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई, कानून एवं व्यवस्था, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, सुशासन, डॉग बाइट की स्थिति, मोबाइल टॉवर स्थापना, विभिन्न शासकीय विभागों के लिए भूमि आवंटन एवं भू-अर्जन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
कोचिंग संस्थानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि नोडल अधिकारी नामांकित कर सभी संस्थानों का नियमानुसार पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, नगर निगम आयुक्त, समस्त एसडीएम, जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।