चंबल भवन में आयोजित जनसुनवाई में 10 आवेदकों की समस्याएं सुनी*
मुरैना, 23 जून चंबल भवन, मुरैना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में चंबल संभाग आयुक्त श्री सुरेश कुमार के निर्देशन में उपायुक्त (राजस्व) श्री अशोक सिंह चौहान ने 10 आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद, पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरण, स्वच्छता व्यवस्था, नालियों के अवरुद्ध होने, जलभराव की समस्या तथा अन्य आधारभूत जनसुविधाओं से जुड़े विषय शामिल रहे।
उपायुक्त (राजस्व) श्री अशोक सिंह चौहान ने कहा कि जनसुनवाई शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाता है। उन्होंने आवेदकों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके और शासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हो।