मुरैना जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में 195 आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी*
मुरैना, 23 जून शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु जनसुनवाई आयोजित की गई।इसी क्रम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा उनके त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 195 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में से 5 प्रकरण ऐसे पाए गए, जिनका निराकरण टीएल बैठक के माध्यम से ही संभव था। इन प्रकरणों को जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में नागरिकों द्वारा राजस्व, भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत की गईं। प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक प्रकरण को जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री भार्गव ने कहा कि जनसुनवाई शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, डिप्टी कलेक्टर श्री उमेश अवस्थी, श्रीमती प्रतिज्ञा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।