घरेलू अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण प्रशिक्षण संपन्न
मुरैना, 23 जून सेंट आरसेटी, मुरैना द्वारा ग्राम अर्रू का पुरा, बागचीनी में आयोजित 12 दिवसीय घरेलू अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण की व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। प्रशिक्षण बैच का मूल्यांकन श्री रमन सिंह भदौरिया एवं श्रीमती मीना पटेल द्वारा किया गया।
समापन समारोह में संस्थान के निदेशक श्री मुनीश्वर शाक्य ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग प्रक्रियाओं, वित्तीय साक्षरता तथा स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए अपने अर्जित कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्थान के ऑफिस असिस्टेंट श्री शिवमोहन सिंह भदौरिया तथा डोमेन स्किल ट्रेनर श्रीमती पूजा शर्मा भी उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण के सफल समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने का संकल्प व्यक्त किया।