डीडवाना नगर परिषद: सभापति पद के लिए भंवरलाल पंवार और बाबू खां बेगाना में सीधा मुकाबला, बहुमत का आंकड़ा
भाजपा-निर्दलीय के पास, फिर भी क्रॉस वोटिंग का डर
डीडवाना। नगर परिषद में नया सभापति चुनने की सियासी सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। सभापति पद के लिए कुल दो आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसके बाद मुकाबला पूरी तरह आमने-सामने का हो गया है। एक तरफ भाजपा और निर्दलीय गठबंधन की ओर से भंवरलाल पंवार ने अपना नामांकन दाखिल किया है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में राजनीतिक चाणक्य माने जाने वाले बाबू खां बेगाना मैदान में हैं।
*बहुमत का गणित: गठबंधन मजबूत*
40 वार्डों वाली डीडवाना नगर परिषद में सभापति बनाने के लिए 21 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। दलीय स्थिति पर नजर डालें तो इस बार चुनाव में 16 पार्षद कांग्रेस के, 14 निर्दलीय, 9 भाजपा और 1 पार्षद आरएलपी का जीतकर आया है।भाजपा ने निर्दलीय भंवरलाल पंवार को अपना समर्थन व सिंबल देकर गठबंधन का दांव खेला है। इस तरह भाजपा के 9 और 14 निर्दलीय पार्षदों को मिलाकर इस कुनबे की संख्या 23 तक पहुंच जाती है, जो बहुमत के आंकड़े से दो अधिक है। ऐसे में कागजी आंकड़ों में गठबंधन का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
*बेगाना का दावा: 'आठों चुनाव जीता, यह भी जीतेंगे*
दूसरी ओर, कांग्रेस के पास अपने मात्र 16 पार्षद हैं और उसे जीत के लिए कम से कम 5 अन्य पार्षदों की दरकार है। इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी बाबू खां बेगाना जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि वे अब तक आठ चुनाव लड़ चुके हैं और आठों में जीत दर्ज की है, यह चुनाव भी वे ही जीतेंगे। बेगाना का यह आत्मविश्वास क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।
*क्रॉस वोटिंग के डर से दोनों खेमों में हलचल*
क्षेत्रीय बाजारों और राजनीतिक गलियारों में इस बात की सबसे ज्यादा चर्चा है कि दोनों ही गुटों में क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कांग्रेस के 2 से 3 पार्षद पाला बदल सकते हैं, तो वहीं भाजपा-निर्दलीय खेमे से भी 3 से 4 पार्षदों की क्रॉस वोटिंग की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।ऐसे में गुप्त मतदान होने के कारण बाजी किस ओर पलटेगी, इसका सटीक अंदाजा लगाना मुश्किल है। अब सभी की निगाहें 21 तारीख को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, तभी साफ हो पाएगा कि डीडवाना नगर परिषद का ताज किसके सिर सजेगा।
Didwana, Nagaur | Sep 18, 2026