मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न।
बेतिया। आगामी मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने की।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, श्री कुमार गौतम ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, श्री काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, श्री विकास कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।