रात में डीएम के औचक निरीक्षण में बंद मिला बड़हिया सीएचसी, रोस्टर जांच और कार्रवाई के निर्देश
लखीसराय: जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने 17 जुलाई की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़हिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का मुख्य द्वार बंद मिला। ग्रामीणों ने शिकायत की कि दोपहर 3 बजे के बाद अधिकांश चिकित्सक अस्पताल छोड़ देते हैं, जिससे मरीजों को उपचार में परेशानी होती है।
निरीक्षण में आपातकालीन सेवाएं प्रभावित और चिकित्सकों की अनुपस्थिति पाई गई। डीएम ने रोस्टर में गड़बड़ी की जांच कर सभी संबंधितों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। साथ ही अस्पताल के बाहर चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के आदेश दिए।
डीएम ने पुराने रेफरल अस्पताल परिसर में अनधिकृत रूप से अस्पताल संचालन पर नाराजगी जताते हुए दोषियों पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आदेश दिया कि 18 जुलाई से नवनिर्मित सीएचसी भवन में अनुमोदित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से आपातकालीन सेवाएं संचालित की जाएं। नगर परिषद बड़हिया को भी नए भवन में शीघ्र 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, बीडीओ बड़हिया सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।