लखीसराय में मॉडल स्कूलों के शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम ने की समीक्षा
लखीसराय। 19 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बेगूसराय से लाइव प्रसारण के माध्यम से होने वाले मॉडल स्कूलों के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने समीक्षा बैठक की। जिले के सात चयनित मॉडल विद्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
बैठक में डीएम ने मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, तकनीकी तैयारियों, पावर बैकअप, शिक्षकों की ड्यूटी रोस्टर, कंट्रोल रूम की स्थापना तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी शिक्षकों को निर्धारित ड्रेस कोड और आई-कार्ड के साथ उपस्थित रहने को कहा गया।
कार्यक्रम की सफलता के लिए सातों मॉडल विद्यालयों के लिए सात वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीएम ने बताया कि कार्यक्रम से पूर्व अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ विद्यालयों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी तथा संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।