#बालाघाट
कटंगी क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3,700 किलो महुआ लाहन व 30 लीटर अवैध शराब जब्त
जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने कटंगी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में महुआ लाहन एवं हाथ भट्टी की अवैध शराब जब्त की।
आबकारी वृत्त कटंगी की टीम ने ग्राम बोथवा एवं रामजीटोला में छापामार कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से प्लास्टिक की पन्नियों, ड्रमों एवं मटकों में रखा लगभग 3,700 किलोग्राम महुआ लाहन तथा रबर ट्यूब में भरी 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित अवैध मदिरा बरामद की। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर महुआ लाहन के नमूने लेकर शेष लाहन को नष्ट कर दिया। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क)/34(1)(च) के तहत दो प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 3 लाख 74 हजार 500 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में आबकारी वृत्त प्रभारी एवं उपनिरीक्षक संदीप श्रीवास, मुख्य आरक्षक द्वारसिंह उइके, टीकाराम शरणागत, अतरलाल उइके तथा आरक्षक आरती धुर्वे की सक्रिय भूमिका रही। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #अवैध_शराब #MP_STATE_Excise_Dept_of_MP_Government #minprdd
61 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 4, 2026