परकोटे में ट्रैफिक जाम से बढ़ी परेशानी, मुरलीधर रोड से तेलीवाड़ा और धरणीधर रोड तक हालात चिंताजनक
बीकानेर। शहर के परकोटा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। मुरलीधर कॉलोनी रोड, गोकुल सर्किल, नत्थूसर गेट क्षेत्र, बाहरगुवाड़ चौक, रत्नानी व्यासों का चौक, हर्षों का चौक, मोहता चौक से तेलीवाड़ा चौक तक जाने वाले मार्ग पर दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं गोकुल सर्किल से धरणीधर रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर भी कई बार भारी जाम लग जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार विशेष रूप से नत्थूसर गेट, मोहता चौक, हर्षों का चौक और रत्नानी व्यासों के चौक क्षेत्र में हालात ऐसे हो जाते हैं कि पैदल चलने तक की जगह नहीं बचती। संकरी गलियों और बढ़ते यातायात दबाव के कारण आमजन को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई स्थानों पर टैक्सी स्टैंड के आसपास वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े रहते हैं। इसके अलावा दुपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से सड़कें और संकरी हो जाती हैं, जिससे जाम की समस्या और गंभीर बन जाती है।
त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और बाजार में भीड़भाड़ के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है। कई बार जाम इतना लंबा लग जाता है कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगोमहिलाओ, बुजुर्ग और राहगीरों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
जिला प्रशासन और यातायात पुलिस को स्वतः ही संज्ञान लेकर परकोटा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और सख्ती से कार्रवाई की जाए, टैक्सी स्टैंड को व्यवस्थित किया जाए तथा प्रमुख चौकों पर यातायात नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू किए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बन सके।
Bikaner Police #यातायात #ट्रैफिक_जाम