राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त राजेश्वर सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के चतुर्थ चरण में सवाई माधोपुर जिले में ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पांच के पदों के मतदान दिवस के दिन सोमवार को मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मच्छीपुरा में आदर्श मतदान केन्द्र का दौरा किया और वहां व्यवस्थित तरीके से चल रही मतदान प्रक्रिया पर संतोष जाहिर किया।
सिंह ने इस मतदान केन्द्र पर अलग-अलग बूथों में मतदान कार्मिकों, मतदाताओं और प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से जानकारी ली। उन्होंने पंचायत समिति गंगापुर के रिटर्निंग अधिकारी, मतदाता हेल्पडेस्क पर मौजूद बीएलओ, पोलिंग बूथ पर पुलिस कार्मिकों, होमगार्ड, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से मतदान प्रक्रिया में उनके कार्य-दायित्व और भूमिका के बारे में बात की और आवश्यक निर्देश दिए।
निर्वाचन आयुक्त ने पड़ोस में करौली जिले से सवाई माधोपुर में प्रवेश करने के बाद जिला कलक्टर काना राम से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की स्थिति और पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी से सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।