बनारस से बड़नगर तक निकली जन सेवा संकल्प यात्रा का सिरोंज में भव्य स्वागत
..
विधायक उमाकांत शर्मा के नेतृत्व में हुआ स्वागत-सम्मान, सेवा संवाद में यात्रियों ने साझा किए अनुभव
..
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन तथा सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा का 27 सितंबर को सिरोंज पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। बनारस से बड़नगर तक निकाली जा रही इस यात्रा का सिरोंज में विधायक श्री उमाकांत शर्मा के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके पश्चात आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम में यात्रा में शामिल युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा यात्रा के उद्देश्यों और अब तक के अनुभवों पर विचार व्यक्त किए।
बनारस से बड़नगर तक की इस जन सेवा संकल्प यात्रा में 26 बाइक, कलश वाहन सहित अन्य वाहनों के माध्यम से करीब 65 युवा शामिल होकर यात्रा कर रहे हैं। यात्रा में आजमगढ़, गोरखपुर, बनारस सहित छह जिलों के युवा सहभागी हैं। यात्रा का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उनसे आमजन के जीवन में आए बदलावों का फील्ड स्तर पर अध्ययन करना है।
हितग्राहियों से संवाद और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना यात्रा का उद्देश्य
जन सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से यात्री विभिन्न स्थानों पर हितग्राहियों से संवाद कर रहे हैं तथा शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं से मिले लाभ और उनके प्रभावों को समझ रहे हैं। इसके साथ ही आमजन को योजनाओं की जानकारी देने, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, नशामुक्ति का संदेश तथा वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सिरोंज में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम में यात्रा में शामिल युवा यात्रियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए बदलावों की चर्चा की।
यात्रियों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में जाकर योजनाओं के प्रभाव को प्रत्यक्ष रूप से समझना और लोगों से संवाद करना है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर आमजन के अनुभवों को जानने का अवसर मिल रहा है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर समझ रहे विकास और सेवा कार्य
यात्रा में शामिल गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के श्री चंद्रपाल सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष से लगातार सेवा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसमूह के माध्यम से जनता को जागरूक करने और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा प्रधानमंत्री श्री मोदी के कर्म क्षेत्र से जन्म क्षेत्र तक निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों, हितग्राहियों और युवाओं से संवाद किया जा रहा है। इस दौरान शासन की योजनाओं के लाभ, सामाजिक सरोकारों तथा जनभागीदारी से जुड़े विषयों को भी समझने का अवसर मिल रहा है।
सिरोंज पहुंची जन सेवा संकल्प यात्रा के दौरान स्थानीय स्तर पर यात्रा का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की। यात्रा में शामिल युवाओं ने सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान किया। #SevaSankalpAbhiyan #SevaSankalpYatra #Vidisha
5 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 27, 2026