समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:1593,
दिनांक 06/10/2026,
==================
अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 650 बैग यूरिया लदे ट्रक को प्रशासन ने किया जब्त, प्राथमिकी दर्ज:-
जिला प्रशासन द्वारा उर्वरक की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत मरंगा थाना क्षेत्र से 650 बैग अवैध यूरिया से लदे एक ट्रक को जब्त किया गया है।
मामले में दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना का विवरण:----
दिनांक 04 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर 1) तथा जिला खनन पदाधिकारी, पूर्णिया द्वारा गश्ती के क्रम में मरंगा टोल टैक्स के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया।
जांच के दौरान ट्रक पर कुल 650 बैग यूरिया लदा हुआ पाया गया। वाहन चालक द्वारा खाद के परिवहन एवं सामग्री से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या चालान प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रक और यूरिया को तत्काल मरंगा थाना की सुरक्षित अभिरक्षा में रखवाया गया।
जांच एवं प्राथमिकी:----
घटना की सूचना पर अगले दिन प्रातः कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की टीम ने मरंगा थाना पहुंचकर जब्त यूरिया एवं वाहन की विस्तृत जांच की।
प्राथमिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि यूरिया की इस खेप को नौगछिया की दिशा से अवैध रूप से परिवहन कर लाया जा रहा था।
खाद के इस अवैध परिवहन और संभावित कालाबाजारी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित ट्रक चालक, उप-चालक (खलासी) एवं ट्रक मालिक के विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 (FCO, 1985) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 (Essential Commodities Act, 1955) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मरंगा थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
प्रशासन की चेतावनी:---
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या गैर-कानूनी परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों के हितों की रक्षा हेतु ऐसे असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों के विरुद्ध यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
@iprd
#samratchoudhary
#cmsamrat
Purnia, Bihar | Oct 6, 2026