लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ लोक राग समारोह का शुभारंभ
-
राई, गुदुमबाजा एवं राठ नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, निषादराज गुह्य लीला-नाट्य का हुआ मंचन
-
जतारा स्थित सांदीपनि विद्यालय परिसर में तीन दिवसीय लोक राग समारोह का आज पारंपरिक लोक कलाओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन टीकमगढ़ के सहयोग से आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति, परंपरा और कला की समृद्ध विरासत को जीवंत किया।
समारोह के प्रथम दिवस 21 नवम्बर को राई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति प्रहलाद कुर्मी एवं साथी, सागर द्वारा दी गई। बुंदेलखंड की प्रसिद्ध लोक नृत्य परंपरा राई की जीवंत लय, आकर्षक भाव-भंगिमाओं और पारंपरिक अंदाज ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही शिवप्रसाद धुर्वे एवं साथी, अनूपपुर द्वारा गुदुमबाजा नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और जनजातीय लोक नृत्य की विशिष्ट शैली ने समारोह में सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरे।
इसी क्रम में विजयभाई राठवा एवं साथी, बड़ौदा द्वारा राठ नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को लोक कला की विशिष्ट परंपराओं से परिचित कराया। प्रथम दिवस का विशेष आकर्षण निषादराज गुह्य लीला-नाट्य का मंचन रहा। इस नाट्य प्रस्तुति का पुनर्संयोजन डॉ. हिमांशु द्विवेदी द्वारा किया गया।
लोक राग समारोह के माध्यम से पारंपरिक लोक कलाओं, लोक नृत्यों, लोक गायन एवं नाट्य परंपराओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाना तथा लोक कलाकारों को अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है। संस्कृति संचालनालय से श्री अरविंद सिंह बुंदेला द्वारा इस कार्यक्रम का समन्वय किया जा रहा है।इस अवसर पर नगर परिषद जतारा अध्यक्ष श्री अनुराग रामजी नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारीगण तथा स्थानीयजन उपस्थित रहे।
Department of Culture, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh