मऊ में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर सुरक्षा सख्त, एडीजी नवीन अरोड़ा ने किया निरीक्षण
#MAU #maunews #maupolice
डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा के साथ संवेदनशील स्थलों का लिया जायजा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मऊ। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने मऊ में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के साथ दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीला और दशहरा से जुड़े कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों और कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।