मऊ में UPI चार्ज के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा का प्रदर्शन, थाली-चम्मच बजाकर जताई नाराजगी
उत्तर प्रदेश के मऊ में UPI भुगतान पर प्रस्तावित MDR चार्ज के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा ने प्रदर्शन किया। सोमवार को जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी के नेतृत्व में सहादतपुरा से रोडवेज तक कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर विरोध जताया। इस दौरान थाली-चम्मच बजाकर केंद्र सरकार से प्रस्तावित चार्ज पर पुनर्विचार करने की मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगने से छोटे दुकानदारों और खुदरा व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है। प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया और राजेश गुप्ता ने व्यापारियों के हितों का मुद्दा उठाते हुए सरकार की नीति पर सवाल खड़े किए। वहीं, उमेश यादव ने डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुलभ और किफायती बनाए रखने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि व्यापारियों से जुड़े फैसलों में व्यापारिक संगठनों से संवाद होना चाहिए। समाजवादी व्यापार सभा ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित MDR चार्ज पर पुनर्विचार करने की अपील की।