पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में रविवार को सगुना मोड़ स्थित जदयू प्रदेश महासचिव विनोद कुमार सिंह के सभागार में एनडीए कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में बिहार सरकार के मंत्री एवं दानापुर विधायक रामकृपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गठबंधन प्रत्याशी नीरज कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
रामकृपाल यादव ने कहा कि इस चुनाव में धनबल नहीं चलेगा, क्योंकि मतदाता अब जागरूक हो चुके हैं और अपने विवेक से फैसला लेते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से जुटने और मतदाताओं तक पहुंचकर समर्थन जुटाने का आह्वान किया।
जनबल और कार्यकर्ताओं की ताकत पर भरोसा
एनडीए समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार ने कहा कि किसी ने भी उनके चरित्र पर सवाल उठाने की हिम्मत नहीं की है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का उत्थान और पतन दूसरे नेताओं के प्रभाव से नहीं, बल्कि उसके अपने कार्यों और आचरण से तय होता है।
इस दौरान नीरज कुमार ने मोकामा विधायक अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए उन पर नैतिक पतन और राजनीति को अपराध के हवाले करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ धनबल और बाहुबल की ताकत है, तो दूसरी तरफ उनके पास जनबल और समर्पित कार्यकर्ताओं का समर्थन है। उन्हें भरोसा है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के विश्वास के दम पर जीत हासिल होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि उन्हें रामकृपाल यादव या उनसे कोई शिकायत है, तो खुलकर अपनी बात रखें। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक जीवन में किसी के आचरण पर आपत्ति होने पर सामाजिक स्तर पर सवाल उठाने की बात कही।
23 अक्टूबर को एक-एक वोट दिलाने की अपील
जदयू के पटना महानगर अध्यक्ष राधेश्याम सिंह कुशवाहा और प्रदेश महासचिव विनोद कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से 23 अक्टूबर को एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में एक-एक वोट सुनिश्चित कराने की अपील की। गठबंधन नेताओं ने कहा कि यह शिक्षित और जागरूक मतदाताओं का चुनाव है, जिसमें अंतिम फैसला मतदाता अपने विवेक से करेंगे।
बैठक में बिहार के विकास और राज्य के वर्तमान स्वरूप को ध्यान में रखते हुए विधान परिषद चुनाव में मतदान करने की अपील भी की गई। नेताओं ने एनडीए की एकजुटता को जीत का आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी अभियान में जुटने का आग्रह किया।
इस मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार, भाजपा नेता राजेश शर्मा, विजेंद्र कुमार, अवधेश सिंह, विनय मेहता, चंदन श्रीवास्तव, नीरज, रजनीश, प्रमोद, संदीप, दिनेश अशोक, जितेंद्र पटेल, बलराम और प्रेम प्रकाश समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Rajauli, Nawada | Oct 19, 2026