पुष्पराजगढ़ में कलेक्टर का मैदानी दौरा, खदान से स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अनूपपुर। कलेक्टर रत्नाकर झा ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का मैदानी निरीक्षण कर खनन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सार्वजनिक वितरण व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सबसे पहले गढ़ीदादर-चचानडीह स्थित बॉक्साइट खदान का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने खनन कार्य, खदान की वर्तमान स्थिति और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। खदान क्षेत्र में किए गए पौधरोपण कार्यों का भी जायजा लिया और पौधों के संरक्षण तथा नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने खदान क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधरोपण करने की आवश्यकता भी बताई।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम केशवानी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों की स्थिति, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, बच्चों के टीकाकरण, दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
ग्राम बम्हनी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और विषयों की समझ के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने बम्हनी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ओपीडी में मरीजों की उपस्थिति, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, दवाइयों एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्यकर्मियों की पदस्थापना और उपस्थिति की जानकारी ली। केंद्र में साफ-सफाई और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था मिलने पर उन्होंने इसकी सराहना की।
मैदानी दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्राम बम्हनी की शासकीय उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, खाद्यान्न की उपलब्धता और पात्र हितग्राहियों को शासन की खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर के इस दौरे में एक ही क्षेत्र में खनन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा और खाद्यान्न वितरण जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति की पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
#अनूपपुर #पुष्पराजगढ़ #कलेक्टर #BSP24News #MadhyaPradesh