BAGHPAT DESK : बागपत के इदरीशपुर गांव में रविवार सुबह गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 41 वर्षीय पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। उसके चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर देर रात्रि मामला दर्ज कर लिया है।
पुष्पेंद्र की बाइक खेत से कुछ दूरी पर खड़ी मिली थी। सूचना पर एसपी पूर्णेन्दु सिंह और एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीसीटीवी देख रही पुलिस
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दोघट थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि अब तक 25 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा चुके हैं। कॉल डिटेल सहित अन्य बिंदुओं पर भी जांच चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Baghpat, Bagpat | Oct 12, 2026