प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
03 सितंबर 2026
शीर्षक: जिला पदाधिकारी के निर्देश पर वरीय अधिकारियों ने मॉडल स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण।
जमुई: जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले में स्थानीय लोकोपयोगी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और उसके जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लेने के उद्देश्य से गुरुवार को एक विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता विनोद प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता सावन, उद्योग महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, डीआरडीए निदेशक राकेश कुमार एवं निदेशक (एनईपी) सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा भी जिले के विभिन्न मॉडल विद्यालयों, स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में इन सभी पदाधिकारियों ने मॉडल विद्यालयों में पठन-पाठन का स्तर, शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा मध्याह्न भोजन की स्वच्छता एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की समयबद्ध उपस्थिति, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली चिकित्सीय सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पूरक पोषण आहार के वितरण तथा उनकी देखरेख से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की गई।
निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां उजागर हुईं, अधिकारियों ने उन्हें तत्काल दूर करने के सख्त निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार न होने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
29 views | Jamui, Bihar | Sep 3, 2026