*ग्राम पंचायत इटासागर में नारी अदालत की बैठक एवं सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन*
*सिकंदरा, जमुई*
आज दिनांक 03 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत इटासागर, प्रखंड सिकंदरा, जिला जमुई स्थित पंचायत भवन में नारी अदालत की बैठक एवं सखी वार्ता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नारी अदालत के लिए चयनित सभी सदस्यों को ड्रेस का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में नारी अदालत के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं महिलाओं से संबंधित मामलों के समाधान में इसकी भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए घरेलू विवाद, घरेलू हिंसा, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, दहेज संबंधी प्रताड़ना तथा अन्य महिला उत्पीड़न के मामलों में उपलब्ध सहायता एवं शिकायत निवारण की जानकारी दी गई।
सखी वार्ता के माध्यम से योजनाओं की जानकारी
सखी वार्ता कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में महिलाओं एवं बालिकाओं को जानकारी दी गई। विशेष रूप से वन स्टॉप सेंटर (OSC), महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, शक्ति सदन, पालना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) तथा महिलाओं के सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित अन्य सेवाओं के बारे में बताया गया।
महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण के संबंध में जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी महिला के साथ शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, आर्थिक अथवा यौन हिंसा होने पर वह सहायता प्राप्त कर सकती है। पीड़ित महिला को आवश्यकता के अनुसार परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता एवं सुरक्षित आश्रय जैसी सेवाओं से जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। बाल विवाह को रोकने के लिए समुदाय, अभिभावकों, विद्यालयों एवं युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक रहने एवं इसकी सूचना संबंधित पदाधिकारी/प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव, साइबर ठगी से सावधानी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बैंकिंग एवं डिजिटल लेन-देन में सावधानी तथा वित्तीय साक्षरता के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण टोल-फ्री/आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई—
- महिला हेल्पलाइन – 181
- आपातकालीन सेवा – 112
- चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098
- साइबर क्राइम हेल्पलाइन – 1930
महिलाओं को बताया गया कि किसी भी संकट की स्थिति में घबराने के बजाय उचित हेल्पलाइन एवं संबंधित विभाग से सहायता प्राप्त करें।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक श्री मुकेश कुमार, केंद्र प्रशासक सुश्री पूनम कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ श्री विकाश कुमार सहित नारी अदालत की चयनित सदस्यगण एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सरकारी योजनाओं एवं सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने समाज में बाल विवाह, घरेलू हिंसा एवं महिला उत्पीड़न जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Jamui, Bihar | Sep 3, 2026