छठ घाटों का डीएम ने किया लगातार निरीक्षण, एसडीआरएफ की बोट से भी लिया जायजा
लोक आस्था के महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य के दौरान जिलाधिकारी कुमार गौरव ने नगर आयुक्त एवं अन्य वरीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का लगातार निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण के साथ एसडीआरएफ की बोट से भी घाटों एवं नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, छठव्रतियों और श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
प्रशासन की ओर से सभी घाटों पर पेयजल, सुरक्षा, प्रकाश, आपदा प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। भीड़ नियंत्रण के लिए दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी। वहीं, कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
संध्या अर्घ्य संपन्न होने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर घाटों की सफाई शुरू कर दी गई है। घाटों को सुबह के उषा अर्घ्य के लिए तेजी से तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उषा अर्घ्य के दौरान भी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बनाए रखने का निर्देश दिया।