बाढ़ प्रभावित मोहनपुर, मोहिउद्दीननगर एवं विद्यापतिनगर प्रखंडों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी...
समस्तीपुर जिले के बाढ़ प्रभावित मोहनपुर, मोहिद्दीन नगर एवं विद्यापतिनगर प्रखंडों में जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
वर्तमान में इन तीनों प्रखंडों में लगभग 2,33,212 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखने एवं उन्हें आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 58 सामुदायिक रसोई (Community Kitchen) का संचालन किया जा रहा है। इन सामुदायिक रसोइयों के माध्यम से अब तक लगभग 25,858 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। सामुदायिक रसोइयों में गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से अब तक 31,398 पॉलिथीन शीट्स का वितरण किया जा चुका है, ताकि प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय एवं बारिश से सुरक्षा उपलब्ध हो सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 18 मेडिकल कैंप संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने तथा आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
बाढ़ से प्रभावित पशुओं की सुरक्षा एवं उनके रख-रखाव के लिए 17 पशु राहत/शेड कैंप बनाए गए हैं। पशुओं के लिए चारा एवं भूसा की व्यवस्था भी लगातार की जा रही है। अब तक 216 क्विंटल भूसा/पशु चारा का वितरण किया जा चुका है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार प्रतिदिन पशु चारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए भी 17 पशु चिकित्सा कैंप संचालित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से अब तक 264 पशुओं को आवश्यक दवा एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। पशु चिकित्सा दलों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर आवश्यकतानुसार उपचार एवं दवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन तथा राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारू बनाए रखने के लिए कुल 192 नावों का परिचालन किया जा रहा है। इन नावों का परिचालन मोहनपुर, हसनपुर एवं विद्यापतिनगर प्रखंडों के प्रभावित क्षेत्रों में किया जा रहा है, जिससे प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ-साथ राहत सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखना, उन्हें समय पर भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, आश्रय एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराना तथा पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
#DistrictAdministrationSamastipur #Samastipur #FloodRelief #FloodRescue #BiharFlood #ReliefWork #DisasterManagement
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 7, 2026