आज दिनांक 23.10.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना के तहत दुर्घटना की तिथि से सात दिनों की अवधि तक अधिकतम ₹1.5 लाख तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना एवं आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों एवं सरकारी अस्पतालों में आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को बिना किसी विलंब के उपचार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को कैशलेस उपचार एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने तथा आमजनों के बीच योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में दुर्घटना पीड़ितों को समय पर अस्पताल पहुंचाने, तत्काल उपचार शुरू कराने तथा सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना के प्रावधानों के अनुरूप चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी पात्र दुर्घटना पीड़ित के उपचार में बाधा नहीं आनी चाहिए।
#IPRD
#BiharGovernment
#PublicService
#ReviewMeeting
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Oct 23, 2026