कबीर जयंती कार्यक्रम रद्द करने पर भडक़ा धानक समाज, सरकार को दी चेतावनी : विधायक सर्राफ ने दिया आश्वासन
संत कबीर साहब जयंती पर कार्यक्रम रद्द करना सर्व समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ : भगवानदास कालिया
भिवानी, 22 जून : स्थानीय बावड़ी गेट स्थित शिव धर्मशाला में धानक समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट सज्जन खनगवाल ने की। इस सभा का मुख्य उद्देश्य 29 जून को भिवानी में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय संत शिरोमणि कबीर साहब जयंती कार्यक्रम को सरकार द्वारा अचानक रद्द किए जाने पर कड़ा विरोध जताना और आगामी रणनीति तैयार करना था। इस दौरान धानक समाज के वरिष्ठ नेता भगवानदास कालिया ने सरकार के इस फैसले पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसे सर्व समाज का अपमान बताया। हालांकि बाद में समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विधायक घनश्याम सर्राफ से मुलाकात की, जिसके बाद उपजे विवाद पर सकारात्मक सहमति बनती दिखी।
इस मौके पर धानक समाज के नेता भगवानदास कालिया ने दो टूक शब्दों में सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर होने वाले इतने बड़े आयोजन को आखिरी वक्त पर रद्द करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि कबीर साहब किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरी मानवता और सर्व समाज के पथ-प्रदर्शक हैं। भिवानी में होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को अचानक रद्द करके सरकार ने करोड़ों लोगों की आस्था और सर्व समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। यदि सरकार ने इस जनविरोधी फैसले को वापस नहीं लिया तो धानक समाज चुप नहीं बैठेगा और सरकार के खिलाफ सडक़ों पर उतरकर लगातार विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक सुर में भगवानदास कालिया के इस बयान का समर्थन किया और साफ किया कि समाज अपने संतों के सम्मान के लिए कोई भी समझौता नहीं करेगा।
शिव धर्मशाला में विरोध की रणनीति तैयार करने के उपरांत सोमवार को धानक समाज का एक प्रतिनिधिमंडल स्थानीय विधायक घनश्याम सर्राफ से उनके निवास स्थान पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को समाज की नाराजगी और रोष से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक घनश्याम सर्राफ ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने धानक समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगले दो-तीन दिनों के भीतर धानक समाज के प्रमुख नेताओं की मुलाकात सूबे के मुख्यमंत्री से करवाएंगे। मुख्यमंत्री के समक्ष भिवानी में ही पूर्व निर्धारित तिथि और गरिमा के साथ प्रदेश स्तरीय संत कबीर साहब जयंती कार्यक्रम को दोबारा बहाल करने और आयोजित करवाने की पुरजोर वकालत की जाएगी। इसके साथ ही धानक समाज के नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस कार्यक्रम को दोबारा बहाल नहीं किया गया तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा तथा आने वाले समय में भी भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
विधायक घनश्याम सर्राफ द्वारा दिए गए इस ठोस और समयबद्ध आश्वासन के बाद धानक समाज के माथे पर छाई चिंता की लकीरें दूर हुईं। नेता भगवानदास कालिया और एडवोकेट सज्जन खनगवाल सहित समस्त समाज ने इस आश्वासन पर संतोष और खुशी व्यक्त की है। समाज के प्रबुद्ध लोगों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री भिवानी की जनता और धानक समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द ही इस कार्यक्रम को हरी झंडी देंगे।
इस अवसर पर अनिल डाबला, अनिल पेंटर, सुरेंद्र इंदौरा, राजू पचेरवाल, सज्जन इटकाण, दीपक सोलंकी, राजू सोलंक, अमित डाबला, रिंकू इटकाण, प्रकाश डाबला, राजेश डाबला, प्रदीप किराड़, अशोक बामणिया, प्रिंस बामणिाया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।