*सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने अधिवक्ता के चेंबर से रुपये व दस्तावेजों से भरा बैग चोरी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने अधिवक्ता के चेंबर से बैग चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 12.05.2026 को अधिवक्ता भीम सिंह ने थाना सिविल लाइन भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने चेंबर में बैठकर न्यायालय संबंधी कार्य कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपना बैग चेंबर में रखा हुआ था। कुछ समय बाद अज्ञात व्यक्ति उनके चेंबर से बैग चोरी कर ले गया। चोरी किए गए बैग में नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 21 जून 2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही हरि सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को भगत सिंह चौक, भिवानी क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
*गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविकांत पुत्र प्रहलाद निवासी गांव कलिंगा, जिला भिवानी के रूप में हुई है।*
*पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से अधिवक्ता का चोरी किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।*
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशा करने का आदी है तथा नशे की पूर्ति के लिए उसने चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। वहीं, अभियोग में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता, भिवानी।